बागेश्वर धाम में सवा लाख दीपों से जगमगाया धाम

छतरपुर। दीपावली के पावन अवसर पर छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम सरकार सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस अवसर पर धाम परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

पर्व की शुरुआत उन्होंने गौशाला में गौ, अश्व और वाहन पूजन से की। इसके बाद उन्होंने बागेश्वर बालाजी के चरणों में दीप अर्पित किए और आतिशबाजी कर उत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान धाम में सेवा कर रहे सेवादारों और कर्मचारियों को मिठाई, चांदी के सिक्के और दक्षिणा भेंट की गई।

देशभर से पहुंचे भक्तों ने इस पावन अवसर पर दीप जलाकर अपनी भक्ति अर्पित की। किसी ने ‘राम नाम’, तो किसी ने ‘श्री राम जय राम’ और ‘ॐ’ लिखकर रंगोली बनाते हुए दीप सजाए। पूरे परिसर में लगभग सवा लाख (1,25,000) दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे धाम का हर कोना दिव्य प्रकाश से आलोकित हो उठा।

प्रवचन के दौरान पंडित शास्त्री ने कहा — “दीपावली केवल लक्ष्मी के आगमन का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान के प्रकाश से अज्ञान के अंधकार को मिटाने का संदेश है।” उन्होंने व्यंग्यपूर्ण अंदाज में कहा कि “हम पटाखों से दूरी रखते हैं, क्योंकि वे फटते हैं — वैसे ही हमें उन लोगों से भी दूरी रखनी चाहिए जो तुरंत फूट पड़ते हैं।”

उन्होंने कहा कि सच्चा दीपोत्सव वह है, जब हम मन के अंधकार को ज्ञान के प्रकाश से मिटाएं।

Next Post

भगवान महावीर के निर्वाणोत्सव पर भक्ति और श्रद्धा का संगम, चढ़ाए गए निर्वाण लाडू

Wed Oct 22 , 2025
भोपाल। पंचायत कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज बांगा और मंत्री मनोज आर.एम. ने बताया कि चोक धर्मशाला में वंदनीय क्षुल्लिका श्री 105 आप्त मति माताजी के सानिध्य में भगवान महावीर का मोक्ष कल्याणक पर्व भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं ने मंदिरों में अभिषेक, शांतिधारा […]

You May Like