
नीमच। कलेक्टर नीमच हिमांशु चंद्रा के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी मबावि सुश्री अंकिता पंड्या के मार्गदर्शन में एसडीएम संजीव साहू के पर्यवेक्षण में परियोजना अधिकारी नीमच ग्रामीण इरफान अंसारी के नेतृत्व में संयुक्त दल द्वारा 2 बहनों का बाल विवाह रुकवाया गयाहै। जिला कर्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया कि 28 जनवरी को सूचना प्राप्त हुई कि 29 जनवरी को ग्राम जवासा में 2 बहनों का विवाह होने वाला है जिसमें एक बारात राजस्थान से और दूसरी बारात मोरका विकासखंड जावद से आना है। दोनों ही लड़कियां 16 व 17 वर्ष की है और राजस्थान की निवासी है परंतु विवाह हेतु अपने मामा के घर जवासा में परिवार के साथ आई है । संयुक्त दल ने मौके पर उपस्थित जनसमुदाय को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी एवं बताया गया कि बाल विवाह कानूनी अपराध है।मौके पर उपस्थित बालिकाओं के पिता एवं ननिहाल पक्ष के व्यक्तियों द्वारा यह स्वीकार किया गया कि उनके पास बालिकाओं की आयु संबंधी कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं है तथा दोनों बालिकाओं की आयु 18 वर्ष से कम है।कानून की जानकारी प्राप्त होने के पश्चात बालिकाओं के पिता एवं ननिहाल पक्ष द्वारा यह सहमति व्यक्त की गई कि प्रस्तावित विवाह को स्थगित किया जा रहा है तथा भविष्य में यदि समय पूर्व विवाह कराया जाता है तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी उनकी स्वयं की होगी।उक्त संबंध में मौके पर पंचनामा तैयार किया गया।
