मुंबई, 14 मई (वार्ता) बैंकिंग, धातु और फार्मा सेक्टरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी देखी गयी और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 789.74 अंक (1.06 प्रतिशत) चढ़कर 75,398.72 अंक पर पहुंच गया। यह लगातार दूसरा दिन है जब बाजार में तेजी रही है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 277 अंक यानी 1.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,689.60 अंक पर बंद हुआ। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.17 प्रतिशत चढ़ा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.01 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी।
आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में लिवाली रही। निफ्टी आईटी सूचकांक 1.99 प्रतिशत गिर गया। धातु, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों के सूचकांक दो से तीन प्रतिशत तक ऊपर रहे। बैंकिंग, वित्त, रसायन, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और मीडिया समूहों की कंपनियों में भी निवेशकों ने अच्छा पैसा लगाया।
सेंसेक्स में भारती एयरटेल का शेयर सबसे अधिक सवा पांच फीसदी से ज्यादा की बढ़त में रहा। कंपनी के अच्छे तिमाही परिणाम के बाद यह तेजी देखी गयी। इटरनल का शेयर सवा तीन प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक का ढाई फीसदी और अडानी पोर्ट्स का दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहा।
महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईटीसी के शेयर एक से दो प्रतिशत तक चढ़े। भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, एलएंडटी, इंडिगो और बजाज फिनसर्व के शेयर भी हरे निशान में रहे। इंफोसिस का शेयर करीब ढाई प्रतिशत और टेक महिंद्रा का शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा टूट गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर डेढ़ प्रतिशत और टीसीएस का एक प्रतिशत से ज्यादा गिर गया। हिंदुस्तान यूनीलिवर में भी गिरावट रही।

