इंदौर: एमजी रोड थाना क्षेत्र स्थित जिला कोर्ट परिसर में न्यायालय को गुमराह करने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाभ उठाने का मामला सामने आया हैं. एक महिला डॉक्टर ने बिकी हुई जमीन के कागजों पर एक आरोपी की जमानत कराने का प्रयास किया.एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि खजराना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला डॉक्टर के खिलाफ न्यायालय के साथ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है.
आरोपी महिला की पहचान डॉक्टर आसमा पिता मुश्ताक शेख, निवासी मैजेस्टिक नगर, खजराना के रूप में हुई है. घटना शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे की है. डॉ. आसमा कोर्ट में चल रहे एक आपराधिक मामले में एक आरोपी की जमानत लेने के लिए जमानतदार बनकर पहुँची थीं. इसके लिए उन्होंने कोर्ट में जो संपत्ति के दस्तावेज पेश किए, उसकी जब बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि उक्त संपत्ति को वे काफी समय पहले ही किसी अन्य को बेच चुकी हैं. बिकी हुई संपत्ति पर फर्जी तरीके से जमानत लेने का खुलासा होने पर न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कड़ी नाराजगी जताई और एमजी रोड पुलिस को तुरंत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए
