भोपाल: छिंदवाड़ा में Coldrif सिरप के सेवन से बच्चों की मृत्यु की घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम ने शनिवार को एक्स (X) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि इस सिरप की बिक्री को पूरे मध्यप्रदेश में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है। साथ ही, इस सिरप का उत्पादन करने वाली कंपनी के अन्य उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीएम ने कहा कि बच्चों की मौत की यह घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। सिरप बनाने वाली फैक्ट्री तमिलनाडु के कांचीपुरम में स्थित है, जिसे लेकर राज्य सरकार ने केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों को जांच के लिए रिपोर्ट भेजी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी मेडिकल स्टोर्स से इस सिरप की तत्काल जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
