
कुवैत सिटी, 13 अगस्त (वार्ता/स्पूतनिक) कुवैत की राज्य सुरक्षा सेवा ने इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) से जुड़े एक कुवैती नागरिक को गिरफ्तार करके एक अहम बुनियादी ढांचे पर हमले की साजिश को नाकाम कर दिया।
कुवैत के गृह मंत्रालय ने बुधवार को कहा, “सुरक्षा बलों ने देश के एक अहम ठिकाने को निशाना बनाने की आतंकवादी साजिश को नाकाम करते हुए आईएसआईएस के एक आतंकवादी को उसकी योजना को अंजाम देने से पहले ही हिरासत में ले लिया।”
बयान के मुताबिक हिरासत में लिये गये व्यक्ति ने विस्फोटक और बिना पायलट वाले हवाई वाहनों (यूएवी) को बनाने का प्रशिक्षण लिया था। उसने एक ड्रोन भी बनाया था, जिसका इस्तेमाल वह हमले में करने वाला था।
बयान में कहा गया है कि संदिग्ध के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की गयी है और उसे जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
