सीहोर/ भैरूंदा। बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के किसानों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया. वर्षों से सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी का इंतजार कर रहे किसानों के खेतों तक अब मां नर्मदा का जल पहुंचेगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भैरूंदा में 536.23 करोड़ रुपए की लागत से तैयार सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के प्रथम और द्वितीय चरण का लोकार्पण किया. इस महती परियोजना से विकासखंड के 76 गांवों की 30 हजार 91 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी. कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ऑनलाइन शामिल हुए.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बुधनी क्षेत्र में 574 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर क्षेत्र को कई सौगातें दीं. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में हर वर्ग के कल्याण के लिए काम हो रहा है. सरकार का संकल्प है कि गांव-गांव तक पक्की सड़क, पर्याप्त पानी, निरंतर बिजली और हर हाथ को रोजगार मिले. बुधनी की धरती पर मां नर्मदा के जल के पहुंचने से किसानों के खेत सोना उगलेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए लगातार प्रयास कर रही है. पहले क्षेत्र में सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त पानी और बिजली नहीं मिलती थी, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं. प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ा है. आजादी के बाद जहां प्रदेश में सिंचाई का रकबा 7.5 लाख हेक्टेयर था, वहीं अब यह लगभग 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं. पिछले दिनों 85 हजार शासकीय पदों पर भर्ती की गई है और आने वाले समय में दो लाख पदों पर और भर्ती की जाएगी. लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है. अब तक बहनों को लगभग 60 हजार करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है. किसानों को खेती के साथ पशुपालन और मछली पालन जैसी गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार सीप-अंबर परियोजना के प्रथम चरण से 47 गांवों की 15 हजार 284 हेक्टेयर और द्वितीय चरण से 29 गांवों की 14 हजार 807 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी. प्रथम चरण पर 346.12 करोड़ और द्वितीय चरण पर 190.11 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं. दोनों चरणों में कुल 40.66 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है. परियोजना का निर्माण निर्धारित 36 माह की अवधि में पूरा किया गया है. अनुबंध के अनुसार निर्माण एजेंसियां आगामी पांच वर्षों तक इसका संचालन और रखरखाव भी करेंगी. परियोजना के तहत नर्मदा नदी से पानी लिफ्ट कर पंप हाउस और भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जाएगा. इससे पानी का रिसाव और वाष्पीकरण से होने वाली बर्बादी कम होगी. स्प्रिंकलर और ड्रिप प्रणाली के माध्यम से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे. कार्यक्रम में मंत्री तुलसीराम सिलावट, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, विधायक रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, गोपाल इंजीनियर, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा मौजूद थे.
किसानों की उन्नति का खुलेगा रास्ता: चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि सीप-अंबर परियोजना का लोकार्पण ऐतिहासिक अवसर है. अब 76 गांवों के खेतों तक नर्मदा का पानी पहुंचेगा. पानी के बिना खेती की कल्पना संभव नहीं है. यह परियोजना किसानों के जीवन में समृद्धि लाने और कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान मेहनती हैं, उन्हें सिंचाई जैसे जरूरी संसाधन मिल जाएं तो वे पूरे प्रदेश और देश की तस्वीर बदल सकते हैं. मां नर्मदा का जल किसानों के लिए आशीर्वाद साबित होगा.
38.83 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्र में सिंचाई परियोजना के अलावा 38.83 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया. इनमें भैरूंदा के शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में तीन लैब और चार अतिरिक्त कक्ष, सलकनपुर में विश्रामगृह तथा हाथीघाट-पाचौर, चादराखेड़ से रेला मंडी मार्ग, डिमावर-अब्बाजदीद और इटावाखुर्द-डोंगलापानी सहित विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य शामिल हैं. वहीं 2.61 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया. इनमें छह शासकीय प्राथमिक शाला भवन, गोपालपुर में सामुदायिक भवन, पिपलानी और ईजीएस चकबंदी में स्कूल भवन तथा बगवाड़ा में एक किलोमीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य शामिल हैं.
