
दतिया। उड़ीसा की ऐतिहासिक धार्मिक नगरी पुरी में भगवान श्री जगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा शुक्रवार को आषाढ़ शुक्ल द्वितीया तिथि पर प्रारंभ हो गई। भगवान जगन्नाथ अपने भ्राता बलराम और बहन सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले। इसी परंपरा को आत्मसात करते हुए दतिया के ठाकुर श्री बड़े गोविंद मंदिर में यह उत्सव आज शनिवार को परंपरागत और विशेष अंदाज़ में मनाया जा रहा है। मंदिर के सेवायत मनीष गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर जी वर्ष भर केवल कुछ विशेष अवसरों पर ही गर्भगृह से बाहर आते हैं, और रथयात्रा का दिन उनमें से एक है। शनिवार को ठाकुर जी अपने प्रिया जू के साथ मंदिर के 100 वर्ष पुराने लकड़ी के रथ पर विराजमान हुए। यह रथ सजे-धजे लकड़ी के अश्वों द्वारा खींचा गया, जिनका पहले विधिपूर्वक पूजन किया गया। रथयात्रा में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी।
