छतरपुर। जिले के कुशवाहा समाज के सैकड़ों प्रतिनिधि गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर दो अलग-अलग मामलों में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। समाज के जिलाध्यक्ष एडवोकेट मनोज कुशवाहा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बड़ामलहरा और गढ़ीमलहरा क्षेत्र की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि बड़ामलहरा निवासी रमेश उर्फ पप्पू कुशवाहा 27 जनवरी 2026 को घर से लापता हो गए थे। दो दिन बाद 29 जनवरी को मंडी परिसर के अंदर उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजनों को आशंका है कि यह हत्या का मामला है। समाज का कहना है कि घटना को डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं कर सकी है। उन्होंने मांग की है कि मामले में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
दूसरा मामला गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम गर्रापुरवा का है, जहां 4 मार्च को हरचरन कुशवाहा पर कुल्हाड़ी और लाठियों से जानलेवा हमला किया गया था। समाज के पदाधिकारियों का आरोप है कि इस मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ अब तक न तो प्रकरण दर्ज किया गया है और न ही उनकी गिरफ्तारी हुई है।
कुशवाहा समाज ने चेतावनी दी है कि यदि दोनों मामलों में जल्द निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज आंदोलन करने को मजबूर होगा। साथ ही पीड़ित परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
