इंदौर: शहर में खाद्य विभाग ने आज घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण पर कार्रवाई कर गोदाम पर छापा मारा. इस दौरान मौके से 66 गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग इलेक्टि्रक मोटर और तौल कांटे जब्त किए गए. साथ ही सिलेंडर के परिवहन में उपयोग की जा रही मोटर साइकिल भी जब्त करके गोदाम सील किया गया.शहर में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा मुहिम चलाई जा रही है.
इसी कड़ी में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने आज न्यू लोहा मंडी अवैध गैस गोदाम पर छापामार कार्रवाई की गई. गैस का अवैध गोदाम हरिओम गुप्ता नामके व्यक्ति का बयाया गया है. गोदाम से 66 गैस सिलेंडर जब्त किए. छापे में मौके पर 24 व्यावसायिक और 42 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए. इसके अलावा गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त तीन इलेक्टि्रक मोटर तथा दो तौल कांटे भी मौके से जब्त किए गए. गैस सिलेंडरों को लाने-ले जाने और रिफिलिंग के कार्य में बुलेट मोटरसाइकिल का उपयोग किया जा रहा था, उक्त मोटर साइकिल को भी जब्त करने की कार्रवाई की गई है.
मौके से फरार हुआ आरोपी
छापे के समय आरोपी मौके से फरार हो गया. खाद्य विभाग के दल ने अवैध गोदाम को सील कर दिया गया. छापे की कार्रवाई में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अंकुर गुप्ता, सुचित्रा दुबे और अजय अस्थाना सहित दल के अन्य सदस्य शामिल थे.
