इंदौर:शहर में नशे के बढ़ते कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत विजय नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की. पुलिस ने वाहन चैकिंग के दौरान एक युवक को पकड़कर उसके कब्जे से 10 ग्राम एमडी पाउडर बरामद की. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने टीम को वाहन चैकिंग के निर्देश दिए थे. 11 सितम्बर को बिजनेस पार्क के सामने चैकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया. पुलिस को देखते ही युवक पलटकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
उसकी तलाशी लेने पर 10 ग्राम एमडी पाउडर मिला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 24 वर्षीय अमन उल्ला खान उर्फ अमन निवासी आजाद नगर, कोहिनूर कॉलोनी, थाना आजाद नगर, इंदौर के रूप में हुई है. विजय नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह नशा कहां से लाता था और किसे सप्लाई करता था.
