सिंगरौली:नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पर लेटना एक 30 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। देर रात करीब 2 बजे चटक नाला झिंगुरदा के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक के दोनों हाथ कट गए। हादसे के बाद वह रेलवे ट्रैक पर दर्द से तड़पता रहा।
जानकारी अनुसार सलमान मुसलमान पिता इस्तिगा अहमद करीब 30 वर्ष निवासी चटका नाला झिंगुरदा कथित तौर पर नशे का आदी है। देर रात नशे की हालत में वह रेलवे ट्रैक पर लेट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही कोयला लदी ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों हाथ कट गए। गंभीर रूप से घायल सलमान की चीख-पुकार सुनकर रेलवे गार्डों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल मोरवा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए बैढ़न स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है। हादसे के बाद युवक असहनीय पीड़ा से कराहता रहा। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
