इंदौर: खजराना गणेश मंदिर में 27 अगस्त से दस दिवसीय गणेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा. गणेश चतुर्थी पर सुबह ध्वज पूजन के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी. भगवान गणेश का स्वर्ण आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा और 1 लाख 51 हजार मोदक का भोग अर्पित कर भक्तों को प्रसादी बांटी जाएगी.दस दिनों तक प्रतिदिन भजन संध्या होगी, जिनमें से तीन दिन प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुति रहेगी.
अन्न क्षेत्र में श्रृद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन की विशेष व्यवस्था की जाएगी. दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में 4 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी और रास्ते एकांगी रहेंगे. कलेक्टर आशीष सिंह ने महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि ऑनलाइन पूजन और अभिषेक की सुविधा के लिए मोबाइल ऐप और पोर्टल बनाया जाए.महोत्सव के समापन पर अनंत चतुर्दशी के दिन झांकी निकाली जाएगी.
