
सुसनेर।नगर का पालिका बाजार रोड जो कि श्मशान तक जाता है. इस पर बारिश के मौसम में कीचड़ फैला हुआ है. जिसके कारण अंत्येष्टि के लिए मुक्तिधाम पहुंचने वाली शव यात्रा के दौरान नगरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इन सब परेशानियों से नगर परिषद के जिम्मेदार भी अवगत हैं, लेकिन उसके बाद भी मौन व्रत धारण किए हुए हैं. सबसे ज्यादा कीचड़ तो कंठाल नदी के तट पर बने अंतिम विश्राम स्थल के समीप फैला हुआ है, जहां पर शव को परिजनों के द्वारा अंतिम बार पानी पिलाया जाता है. यहां पर अर्थी रखने के लिए चबुतरा भी समाजसेवियों के द्वारा बनाया गया है. बाकि शेष बची जगह पर कीचड़ फैला हुआ है. इस वजह से कुछ देर के लिए शव यात्रा में शामिल नागरिक बैठ भी नहीं सकते हैं. बता दें कि पालिका बाजार से लेकर मुक्तिधाम नगर परिषद ने पक्की सीसी रोड बना रखी है, लेकिन उसके बाद भी इस मार्ग पर जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते कीचड़ फैला हुआ है. मार्ग पर मौजूद मिट्टी को हटाया नहीं गया. इस वजह से बारिश में कीचड़ में तब्दील हो गई और यह समस्या शवयात्रा में शामिल लोगों के लिए मुसीबत बन गई है. नगरवासियों ने इस संबंध में नगर परिषद के जिम्मेदारों से इस मार्ग पर फैले कीचड़ को साफ किए जाने की मांग की है. मंगलवार को मुक्तिधाम सेवा समिति के सदस्यों ने भी इस मार्ग पर हो रहे कीचड़ को हटाए जाने अथवा गिट्टी की बारिक चूरी डालने की मांग नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल सिसोदिया व सीएमओ ओपी नागर से की है.
