भिंड: जिले में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। होली के दूसरे दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रात का तापमान 19 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। दिन में तेज धूप के कारण दोपहर के समय गर्मी का असर महसूस हो रहा है। हालांकि उत्तर-पूर्व दिशा से 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कुछ राहत मिल रही है।
मौसम साफ है और हवा में नमी भी कम हो गई है। मौसम के इस बदलाव का असर खेती पर भी दिखने लगा है। खेतों में सरसों की फसल पक चुकी है और कई जगहों पर कटाई शुरू हो गई है। वहीं चना और मटर की फसल भी धीरे-धीरे किसानों के घर पहुंच रही है। किसान अब रबी की फसलों की कटाई और भंडारण की तैयारी में लगे हैं।
