शहर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद एक साथ कई घरों के मीटर हुए ऑटो- कट

सीहोर. विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सीहोर विधानसभा क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. बिजली बिल की राशि जमा नहीं कर पाने की वजह से बीती रात शहर के मध्य स्थित नेहरू कालोनी में करीब 35-40 घरों की बिजली ऑटो कट के माध्यम से गुल हो गई.

गौरतलब है कि सीहोर विधानसभा क्षेत्र में करीब बीते 3-4 महीनों से स्मार्ट मीटर लगाए जाने का काम जारी है. स्मार्ट मीटरों को लेकर शहर सहित अंचल में जबरदस्त प्रदर्शन हो रहा है तो मामला थाने तक भी कई बार जा पहुंचा. बावजूद विद्युत वितरण कंपनी किसी की भी सुनने को तैयार नहीं है और घरों में बदस्तूर स्मार्ट लगाए जाने का सिलसिला जारी है. इधर स्मार्ट मीटर को लेकर बिजली उपभोक्ताओं को जिस बात का अंदेशा था, वह अब सामने भी आने लगा है. नेहरू कालोनी में बिजली बिल की राशि जमा नहीं हो पाने की वजह से करीब 35-40 घरों की बिजली ऑटो कट हो गई. जिसकी वजह से क्षेत्र में पूरी तरह से अंधेरा पसर गया. घरों से उमस से बेहाल लोगों को जब पता चला कि बिल जमा नहीं करने पर बिजली काटी है तो उनमें रोष का माहौल निर्मित हो गया था.

स्मार्ट मीटर ने बनाया 9 हजार रुपए का बिल

नेहरू कालोनी के बिजली उपभोक्ताओं ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद एक महीने का बिल 4 से 9 हजार तक आया है. लोगों ने बताया कि क्षेत्र में ज्यादातर निम्न-मध्यम वर्ग के लोग निवास करते हैं. यह राशि उनके लिए बहुत बड़ी है. इतनी भारी भरकम राशि एक बार जमा करना मुश्किल है। गुरुवार को बिजली कंपनी के अधिकारियों से कुछ राशि लेकर बिजली सप्लाई सुचारू करने की गुहार लगाई, लेकिन अधिकारी नहीं मानें और वह 50 प्रतिशत राशि जमा करने की जिद पर अड़े रहे. हालांकि बाद में 25 प्रतिशत राशि जमा करने पर मान गए थे.

नपाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद आया विद्युत कंपनी को तरस

नेहरू कालोनी निवासी कालू शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 6 बजे अपने आप करीब 35-40 घरों में ऑटो कट से बिजली गुल हो गई. लोगों ने घंटे दो घंटे बिजली आने का इंतजार किया, लेकिन नहीं आई तो क्षेत्रवासी सक्रिय हुए. मोहल्ले वालों ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर को मोबाईल के माध्यम से परेशानी से अवगत कराया. इसके बाद क्षेत्र में कई घरों की बिजली आ सकी. जिन घरों में बिजली नहीं आई, वह गुरुवार को बिजली कार्यालय पहुंचे और बकाया राशि जमा की.

वापस जुड़वा दिए थे सभी कनेक्शन

गुरुवार की शाम कुछ लोगों का फोन आया था. ऑटो कट से बिजली सप्लाई बंद होने की परेशान बताई थी. बिजली कंपनी के सहायक यंत्री अखिलेश सिंह से चर्चा की. उन्होंने कहा था कि 50 प्रतिशत राशि जमा होने पर सप्लाई चालू कर दी जाएगी, हालांकि उनसे कहा गया कि जो जितनी राशि दे रहा है, उतनी राशि लेकर बिजली सप्लाई सुचारू की जाए. कुछ देर बाद फिर फोन आया, लोगों ने बताया कि बिजली आ गई है.

प्रिंस राठौर,
नगरपालिका अध्यक्ष

Next Post

किसानों की समस्याओं पर कांग्रेस का धरना, समय पर समाधान की मांग

Sat Jul 26 , 2025
सीहोर।किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान और जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया. किसानों की उपज की तौल में हो रही देरी, बारिश में फसल खराब होने और कालाबाजारी से परेशान किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया. […]

You May Like