मोबाइल चुराकर ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले 2 गिरफ्तार 

जेवरात समेत ढाई लाख का माल बरामद

चलती ट्रेनों में यात्रियों का उड़ाते थे सामान

भोपाल, 29 जनवरी. यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने के बाद सिम निकालकर दूसरे मोबाइल के माध्यम से ऑनलाईन फ्रॉड करने वाले 2 बदमाशों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है. यह दोनों चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी कर लेते थे. पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब ढाई लाख रुपये का माल बरामद किया गया है. आरोपियों ने अब तक कुल कितनी वारदातों को अंजाम दिया है, इसको लेकर पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार फरियादी अनीस खान बीती 20 दिसंबर को जबलपुर अमरावती एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रहे थे. इस दौरान बैतूल रेलवे स्टेशन निकलने के बाद उनका एक मोबाइल फोन चोरी हो गया था, जिसकी रिपोर्ट उन्होंने जीआरपी नागपुर में दर्ज कराई थी. केस डायरी आने के बाद जीआरपी आमला ने इस मामले में असल कायमी की थी. चोरी हुए अनीस खान के मोबाइल फोन के माध्यम से ऑललाइन रुपये निकाले गए थे. इस पर जीआरपी ने उनके दोनों नंबरों की भोपाल सायबर सेल की मदद से ऑनलाइन ट्रॉजेक्शन करने वालों की जानकारी जुटाई. उसके बाद होशंगाबाद रेलवे स्टेशन से आरोपी लीलाधर रघुवंशी (27) और उसके साथी दुर्गेश कुशवाह (26) दोनों निवासी ग्राम कलमेशरा, थाना सोहागपुर जिला होशंगाबाद को गिरफ्तार किया. तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 25 हजार रुपये नकद बरामद हुए. थाने लाकर पूछताछ पर कई अन्य वारादातों का खुलासा हुआ. पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल फोन, सिमकार्ड, सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब ढाई लाख रुपए से ज्यादा का माल बरामद हुआ. सिम निकालकर करते थे फ्रॉड प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह मोबाइल चोरी करने के बाद उन्हें तुरंत ही स्विचऑफ कर लेते थे. उसके बाद सिम निकालकर दूसरे मोबाइल पर डाल देते थे. उसके बाद इन्हीं चोरी की सिमों के माध्यम से फोन-पे, गूगल-पे तथा अन्य ऑनलाइन ट्रॉजेक्शन के माध्यम से रुपये निकाल लेते थे. जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ चोरी के साथ ही धोखाधड़ी की धाराएं बढ़ाई हैं. आरोपियों को गिरफ्तार करने में आमला जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद पाटिल, एएसआई अन्नीलाल पटेल, हेड कांस्टेबल रवीश यादव, दिलीप रघुवंशी, आरक्षक दिलीप नरवरे, कुलदीप, अनिल कुमरे, पवन यादव, संदीप जगदेव और खुशरू नर्रे की सराहनीय भूमिका रही है.

Next Post

आज से नर्मदा जयंती महोत्सव शुरू होगा मुख्य दिवस 4 फरवरी को

Wed Jan 29 , 2025
तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर में मां नर्मदा जी का जन्म उत्सव सप्ताह आज से शुरू होगा 6 दिवसीय सप्ताह रहेगा क्योंकि छट और सप्तमी एक साथ आ गई है जय मां नर्मदा युवा संगठन के वरिष्ठ अशोक उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष भी सभी घाटों पर नर्मदा जयंती महोत्सव ओंकारेश्वर […]

You May Like