सीहोर। शहर के बढिय़ाखेड़ी में सीवेज कार्य तेजी से शुरू कर दिया है. निर्माण एजेंसी के द्वारा क्षेत्र में 28 किलोमीटर की सीवेज लाइन डाली जानी है. इसमें करीब 26 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 1, 2 और तीन में कार्य का भूमि पूजन किया गया है. बारिश से पहले सीवेज और जहां पर सीवेज का कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इसको लेकर बुधवार की सुबह नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित स्थानीय पार्षदों और नपा अमले के साथ जायजा लिया.
नपाध्यक्ष श्री राठौर ने संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि जहां पर काम पूरा हो चुका है उस मिट्टी को तुरंत हटाया जाए. साथ ही समतली कार्य पर भी ध्यान दिया जाए. संबंधित कंपनी के कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर के जिन क्षेत्रों में खुदाई कार्य व पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो जाएगा, उन मार्गों, गलियों में तुरंत मिट्टी से समतल कर उसे यातायात के लिए सुचारु बनाया जाए. उन्होंने लोगों से अपील की है कि यह एक महत्वकांक्षी योजना है. शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाए रखने के लिए समन्वित प्रयास जरूरी है.
