कलेक्टर ने सुसरई में शिविर लगाकर ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं

छिंदवाड़ा. मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पांचवे शुक्रवार को जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुविभागीय एवं खण्डस्तरीय अधिकारी फील्ड पर पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। कलेक्टर , पुलिस अधीक्षक भी सुसरई में आयोजित शिविर में पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थाओं के दैनिक संचालन, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा अभिलेखों के संधारण के संबंध में भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा – निर्देश दिए। कलेक्टर सहित अधिकारियों ने शिविर में एक – एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिकायतकर्ता महेंद्र द्वारा बताया गया कि पशु चिकित्सक समय पर पशु चिकित्सालय नहीं आते, साथ ही उनके द्वारा पशुओं का इलाज सही ढंग से नहीं किया जाता है। इस पर कलेक्टर श्री नारायन द्वारा संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार एक अन्य शिकायत में शिकायतकर्ता प्रिंस वर्मा ने बताया कि वह शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में तृतीय वर्ष में अध्ययनरत है, उनकी तृतीय वर्ष की छात्रवृत्ति उन्हें अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, साथ ही उनके सीनियर्स की तुलना में उन्हें कम छात्रवृत्ति पिछले 2 वर्षों से प्राप्त हुई है। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने इसे लापरवाही मानते हुए प्रिंसिपल शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। एक अन्य शिकायत में ग्राम भैंसादंड के ग्रामीण सीताराम यादव की रास्ता विवाद की समस्या पर कलेक्टर श्री नारायन द्वारा संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। ग्राम उभेगांव में ग्रामीणों द्वारा नल कनेक्शन कार्य रुकने की शिकायत की गई । ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति द्वारा नल कनेक्शन देने में कार्य करने से रोका जा रहा है, इस पर कलेक्टर श्री नारायन द्वारा संबंधित इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, साथ ही कार्य पुन: शुरू करने के लिए भी आदेशित किया ।

Next Post

भाजपा चुनावी मोड में, मिशन 2027 पर मंथन तेज, शीर्ष नेतृत्व की बैठक जारी

Fri Sep 11 , 2026
लखनऊ, 11 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को चुनावी मोड में लाना शुरू कर दिया है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के शीर्ष नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक जारी है। बैठक में मिशन 2027 की रणनीति और संगठन […]

You May Like