
पडाना। गांव की सुख-समृद्धि, प्राकृतिक आपदाओं से बचाव और क्षेत्र में मूसलाधार बारिश की प्रार्थना को लेकर मंगलवार को समीपस्थ ग्राम आशारेटा से मातृशक्तियों का अद्भुत नजारा देखने को मिला.
गांव से अलग-अलग टीमों में शामिल 150 से अधिक महिलाओं का जत्था 23 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर क्षेत्र के प्रसिद्ध मां बिजासन धाम भैंसवा माताजी पहुंचा.
आशारेटा से सुबह आस्था का रूप लेता कारवां पडाना, तुकोगंज, गुलावता, पिपलिया पाल, पाटडिय़ा, डाबी और कलाली पदयात्रा करतेे हुए मां बिजासन धाम भैंसवा माता के दरबार पहुंचा.
माता को चढ़ाया श्रृंगार
और मांगी खुशहाली
दरबार पहुंचते ही सभी महिलाओं ने माता रानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. माता को फूलमाला, प्रसाद, चुनरी और श्रृंगार अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली की मन्नत मांगी. महिलाओं का मानना है कि माता रानी की कृपा से ही गांव में सुख-शांति आती है और अच्छी बारिश होती है. इस दौरान बुजुर्ग महिलाओं ने नई पीढ़ी को आस्था और प्रकृति से जुडऩे का संदेश भी दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार हर साल नारी शक्ति का यह जत्था माता के दरबार पहुंचकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करता है.
