घटिया खाद बेचना महापाप – शिवराज सिंह चौहान

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि घटिया खाद बेचना महापाप है और उन्होंने इस तरह के घटिया खाद के मामले में कड़ी कार्रवाई करने के लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र भी भेजे है।
श्री चौहान ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र सीहोर के किसानों के साथ आयोजित एक बैठक में यह बात कही। श्री चौहान ने यह निर्देश भी दिये कि किसानों को कहीं कोई दिक्कत नहीं आये और खाद सबको मिलना चाहिए। इसके लिए उर्वरक कंपनियों से समन्वय कर समान रूप से खाद वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने सीहोर के लिए डीएपी के अतिरिक्त रैक दिलवाने के लिए मंत्रालय स्तर पर फॉलोअप करने को कहा और रबी की बुवाई अच्छी तरह से करने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से खाद के साथ टैगिंग (अन्य उत्पादों की जबरन बिक्री) की मिलने वाली शिकायतों और ब्लैकमेलिंग के मामलों में कठोरतम कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि घटिया खाद बेचना महापाप है।
बैठक में, रिमोट सेंसिंग सहित तकनीक आधारित आकलन के अलावा फसल नुकसान, विशेषकर सोयाबीन की फसल के संबंध में क्रॉप कटिंग प्रयोग करने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि किसानों के नुकसान का वास्तविक आकलन हो सके और उन्हें पूरी दावा राशि मिल सके।
बैठक में मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और कंपनियों के प्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के अधिकारी हाइब्रिड मोड में शामिल हुए।

Next Post

मोदी का देशवासियों से आपसी सद्भाव , सहयोग और सकारात्मकता बढाने का आह्वान

Tue Oct 21 , 2025
नयी दिल्ली 21 अक्टूबर (वार्ता ) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से दीपावली के पर्व पर आपसी सद्भाव, सहयोग और सकारात्मकता बढाने का आह्वान करते हुए कहा है कि मर्यादा का पालन करने के साथ-साथ अन्याय से लड़ना भी जरूरी है। श्री मोदी ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों के […]

You May Like