
सियासत
प्रदेश सरकार राजनीतिक नियुक्तियां की तैयारी कर रही है. सूत्रों के अनुसार यह नियुक्तियां 20 जनवरी के बाद प्रारंभ होगी तब तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का फैसला हो जाएगा. इसी के साथ एक-दो दिन में जिला अध्यक्षों की सूची भी आ जाएगी. दरअसल, महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व वाली भाजपा की परिषद के ढाई साल हो गए, लेकिन सरकार ने अभी तक इंदौर नगर निगम में एल्डरमैन की नियुक्ति नहीं की है. नए साल में ऐसी सम्भावना जताई जा रही है कि आईडीए बोर्ड के साथ-साथ इंदौर नगर निगम में भी एल्डरमैन की नियुक्ति कर दी जाएगी. मप्र के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पिछले दिनों हुई संगठन की बैठक में तय किया है कि इस बार इंदौर नगर निगम और भोपाल नगर निगम में 12-12 एल्डरमेन को नियुक्त किया जाएगा. उल्लेखनीय है कि पूर्व महापौर मालिनी गौड़ के कार्यकाल में 6 एल्डरमैन की नियुक्ति की गई थी. उसके बाद किसी की नियुक्ति नहीं हुई है. जहां तक इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद का सवाल है तो इसका फैसला जिला अध्यक्षों की सूची के बाद होगा. इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर गौरव रणदिवे, सुदर्शन गुप्ता, जीतू जिराती जैसे नेता दावा कर रहे हैं. कुल मिलाकर मुख्यमंत्री जल्दी ही राजनीतिक नियुक्तियां करने वाले हैं.
