
इंदौर. शुक्रवार शाम से ही शहर के बीआरटीएस कॉरिडोर पर महाजाम की स्थिति बनी रही. लोट्स चौराहे से लेकर एमआईजी और रसोमा चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी थी, कुछ दो पहिया वाहन चालकों ने जल्दबाजी में कॉरिडोर में चले गए, उन्हें देखते हुए अन्य कार चालकों के साथ अन्य वाहन चालक भी कॉरिडोर में पहुंच गए. जिससे महाजाम की स्थिति बन गई.
लोट्स चौराहे पर जाम की स्थिति बेहद गंभीर रही, वाहन चालकों को रेंगते हुए ही आगे बढ़ना पड़ रहा था, वहीं एमआईजी चौराहे से लेकर रसोमा चौराहे तक दोनों ओर वाहनों की कतार लंबी लगी रही, हालात ऐसे बन रहे कि आधा किलोमीटर का रास्ता तय करने में वाहन चालकों को एक घंटे से ज्यादा लग गए. इतना ही नहीं कॉरिडोर में अन्य वाहनों के प्रवेश से आई बसों की भी लाइन लग गई, जिसके चलते आई बस में बैठी सवारी बंधक बनकर रह गई. तुलसी नगर में रहने वाले अमित वर्मा का कहना है कि एमआईजी से रसोमा तक पहुँचने में आधे घंटे से फंसा हुआ हूँ. वैसे तो यहां पर रोजाना यही हाल रहते हैं, मगर आज स्थिति और गंभीर हो गई है. कई लोगों को घर तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ रही है. वहीं आई बस में सवार प्रिया शर्मा का कहना है कि कॉरिडोर में वाहनों की घुसपैठ के कारण आई बस भी देर से चल रही हैं. कभी-कभी तो लगता है कि सड़क पर जगह ही नहीं बची है, और जो लोग आई बस में सफर कर रहे हैं, वह बंधक बन कर रह जाते है. इसी तरह शुक्रवार को शहर के अन्य प्रमुख मार्ग जैसे सुभाषनगर, अंबेडकर रोड और शिवाजी नगर के मालवा मिल से पाटनीपुरा जेल रोड के साथ ही आसपास भी जाम की स्थिति बनी हुई है. मामले में यातायात अधिकारियों को कई बार फोन लगाने के प्रयास किए गए मगर किसी ने भी फोन रिसिव नहीं किया, वहीं इस माह जाम के बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ते वाहन और कॉरिडोर की सर्विस रोड पर हो रहे अतिक्रमण इस महाजाम की मुख्य वजह हैं.
