इंदौर: दीपोत्सव के मद्देनज़र शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस ने आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शाम को मॉकड्रिल की. सराफा और शक्कर बाजार क्षेत्र में हुई इस ड्रिल में तंग गलियों से एम्बुलेंस निकालकर पुलिस ने आपातकालीन हालात में बचाव कार्य की व्यावहारिक स्थिति का अभ्यास किया.
मॉकड्रिल के दौरान सराफा थाना प्रभारी राजकुमार लिटोरिया और एसीपी हेमंत चौहान के नेतृत्व में पुलिस दल ने भीड़ भरे इलाके से डमी मरीज को एम्बुलेंस के जरिये जवाहर मार्ग होते हुए अस्पताल तक पहुंचाया. इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने रास्ता खाली कराया और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली. अभ्यास का उद्देश्य यह था कि किसी दुर्घटना, आग या अन्य आकस्मिक स्थिति में पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाएं किस तरह भीड़भाड़ वाले बाजारों में तुरंत पहुंच सकती हैं और समय पर मरीज को अस्पताल तक पहुंचाया जा सकता है. मॉकड्रिल के बाद अधिकारियों ने कहा कि इस अभ्यास से पुलिस की फील्ड यूनिट्स की समन्वय क्षमता और रिस्पॉन्स टाइम की जांच हुई है.
आवश्यक समझाइश दी
एसीपी हेमंत चौहान ने बताया कि बाजार क्षेत्र के व्यापारियों को भी ऐसे हालात में सहयोग और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए आवश्यक समझाइश दी गई है. अधिकारियों के अनुसार, दीपावली सीजन में शहर के प्रमुख बाजारों में इस तरह की मॉकड्रिल और सुरक्षा समीक्षा आगे भी की जाएगी, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे.
