सीहोर:पिछले माह ग्राम खंडवा निवासी आउटसोर्स कर्मचारी विजय आ. भागीरथ की करंट लगने से मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों द्वारा चांदबड़ जोड़ पर किया गया चक्काजाम अब पुलिस कार्रवाई की वजह बन गया है. दो दिन बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था और अब उन्हें चालानी कार्रवाई के लिए नोटिस थमाए जा रहे हैं.
13 सितंबर को श्यामपुर मार्ग पर विद्युत सुधार कार्य के दौरान 30 वर्षीय विजय की करंट लगने से मौत हो गई थी. वह विद्युत वितरण कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी था और खंभे पर मरम्मत कार्य कर रहा था. हादसे के बाद विद्युत कंपनी की लापरवाही पर आक्रोशित परिजन और ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों से कार्रवाई, मुआवजा और मृतक के घर एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग करते हुए चक्काजाम पर बैठ गए.
लगभग दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने आश्वासन देकर चक्काजाम समाप्त कराया. मंडी थाना पुलिस अब वीडियो व फोटो के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उन्हें नोटिस भेज रही है. इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है.
पुलिस का कहना:
चक्काजाम करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है. जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.
सुनील मेहर,
मंडी थाना प्रभारी
