ग्वालियर में हाईअलर्ट, हालात संभालने में जुटा प्रशासन

*उपद्रवियों से निपटने पुलिस ने किया अभ्यास, बिना अनुमति जुलूस व प्रदर्शन पर रोक, दिनभर चलीं मैराथन बैठकें*

ग्वालियर। ग्वालियर हाईकोर्ट में डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर बढ़ते विवाद और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन एवं परशुराम सेना के 15 अक्टूबर को ग्वालियर में संभावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले में धारा 163 लागू कर दी है। अब बगैर अनुमति धरना-प्रदर्शन, जुलूस, चल समारोह नहीं निकाले जा सकेंगे। वहीं शनिवार को पुलिस लाइन में मॉकड्रिल कर पुलिसकर्मियों को उपद्रवियों से निपटने का अभ्यास कराया गया। उधर, कलेक्टर-एसपी ने शहर के व्यापारियों, प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक कर शांति की अपील की है।

हाईकोर्ट परिसर में प्रतिमा लगाने को लेकर पिछले एक साल से विवाद चल रहा है। आजाद समाज, भीम आर्मी, ओबीसी महासभा सहित वकीलों का एक धड़ा प्रतिमा लगाने की मांग कर रहे हैं, जबकि वकीलों का दूसरा धड़ा इसके खिलाफ है। इसे लेकर वाद-विवाद का दौर चल रहा है। पिछले दिनों बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर डॉ. अंबेडकर को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें डॉ. अंबेडकर को अंग्रेजों का गुलाम-एजेंट, झूठा कहने के साथ ही आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। इसे लेकर ग्वालियर और मुंबई के ठाणे में एफआईआर दर्ज हुई है। वकीलों का एक गुट इस कार्रवाई से नाराज है और प्रदर्शन का आव्हान किया है।

पुलिस के इस फैसले से नाराज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन पाठक ने भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ एफआईआर करने की मांग करते हुए कहा था कि 15 अक्टूबर को ग्वालियर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसका समर्थन परशुराम सेना ने किया था। इसे संभावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है।

*उपद्रवियों ने किया पथराव,पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी*

पुलिस लाइन में आयोजित मॉकड्रिल में पुलिसकर्मियों को उपद्रवियों से निपटने का अभ्यास कराया गया। यहां उपद्रवियों से आगजनी की, पथराव किया, तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर उपद्रवियों को खदेड़ा। करीब एक घंटे चले अभ्यास में पुलिस कर्मियों को अपना बचाव करते हुए उपद्रवियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। उस दौरान उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से मैदान से उठाकर उपचार के लिए भी पहुंचाया।

प्रदर्शन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आवश्यक बैठक बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों से जुड़े वकील, व्यापारी, शहर के प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। कलेक्टर रुचिका चौहान और एसपी ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार का समय है, ऐसे में सभी शांति बनाएं। हालांकि इस बैठक में प्रदर्शन का आव्हान करने वाले बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन पाठक और पूर्व अध्यक्ष अनिल मिश्रा एवं उनके साथी शामिल नहीं हुए।

Next Post

भजनलाल के नेतृत्व में राजस्थान देशभर में बनेगा जल संचयन की मिसाल-पाटिल

Sat Oct 11 , 2025
झुंझुनूं 11 अक्टूबर (वार्ता) केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने राजस्थान की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर प्रदेश के लोगों से नल से जल का हक छीन लेने का आरोप लगाया और प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काम की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उनके नेतृत्व में […]

You May Like