महाकाल मंदिर में बड़े फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़, तीर्थ पुरोहितों ने पकड़े फर्जी पुजारी

उज्जैन:चंद रुपयों के लालच में महाकाल मंदिर से लेकर क्षिप्रा तट पर स्नान करने आए श्रद्धालुओं को भ्रमित करते हुए पूजा-पाठ, अनुष्ठान, दर्शन, पूजन के नाम पर निजी कंपनी के कर्मचारियों द्वारा ठगी की जा रही है, और पूजन पाठ में संतुष्टि ना मिलने पर राशि वापसी की बात कहते हुए बरगलाया जा रहा है, आपत्तिजनक बात यह है कि कंपनी के कर्मचारी ही पुजारी का वेश धारण करके घूम रहे हैं.

श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर से लेकर शिप्रा तट व शहर के अन्य धार्मिक स्थलों पर जाकर श्रद्धालुओं को बरगला कर धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर ठगी करने वाले इस संगठित रैकेट का स्थानीय तीर्थ पुरोहितों ने भंडाफोड़ किया है. यह कंपनी महाकालेश्वर मंदिर समिति की बिना अनुमति के काम कर रही थी.
पुजारी बताकर करते थे गुमराह
शिकायत के अनुसार, महाकाल मंदिर परिसर में वीआर नामक निजी कंपनी के कर्मचारी स्वयं को मंदिर का अधिकृत पुजारी बताकर परिसर में सक्रिय है, दूर दराज से आये भोले-भाले श्रद्धालुओं को अपने जाल में फंसाकर उन्हें मंदिर में बुलाते थे.
कुंडली व अनुष्ठान के नाम पर धोखाधड़ी
नवभारत से चर्चा में पंडित गौरव उपाध्याय ने बताया कि महाकाल दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की कुंडली का विश्लेषण करने के सब्जबाग दिखाए जाते है, साथ ही महंगे धार्मिक अनुष्ठान करवाने का प्रलोभन दिया जाता है, मंदिर परिसर में ही कंपनी का सेटअप लगा है इसलिए आसानी से श्रद्धालु भ्रमित हो जाते हैं और एक मोटी रकम कंपनी के कर्मचारियों के फर्जीवाड़े पर खर्च कर देते हैं. हमने इन सब बिंदुओं पर शासन प्रशासन तक शिकायत की है.
तीर्थ पुरोहितो ने की शिकायत
स्थानीय तीर्थ पुरोहितों को जब इस गड़बड़ी की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल मामले की जांच की. अनियमितता स्पष्ट होने पर, तुरंत मंदिर के अधिकृत पुजारियों व पुरोहितों के माध्यम से मंदिर समिति के अधिकारियों को अवगत कराया गया. तीर्थ पुरोहितों ने उक्त कंपनी के संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
भस्मारती और धर्मशाला के नाम पर भी फ्रॉड
शिकायत में यह भी उजागर किया गया है कि यह कंपनी न केवल बिना अनुमति के अनुष्ठान करवा रही थी, बल्कि भस्मारती के नाम पर बड़े स्तर पर धोखाधड़ी कर रही थी. इसके अलावा, यात्रियों को मंदिर समिति की धर्मशाला में रुकवाने का झूठा प्रलोभन देकर भी ठगा जा रहा था.
तीर्थ पुरोहितों बोले झांसे से बचें
इस घटना के बाद, श्री रामघाट तीर्थंपुरोहित सभा, अवन्तिकापुरी ने देश भर के सनातनी श्रद्धालुओं से एक भावुक अपील की है. पुरोहितों ने अनुरोध किया है कि श्रद्धालु ऐसी कई कंपनियों के बहकावे में न आएं जो ऑनलाइन पूजन का लालच देकर आकर्षित करती हैं और धर्म शास्त्र विरुद्ध कार्य करके यजमान की हानि करती हैं, महाकाल प्रांगण में श्रद्धालुओं को भड़काती है.
अधिकृत अनुष्ठान करवाएं
पण्डितजनों की सभा ने स्पष्ट कहा, श्रद्धालु इसके चक्करों में न पड़ें, बल्कि स्वयं तीर्थ पर जाएं और वहां के परम्परागत, शासन द्वारा अधिकृत स्थानीय तीर्थ पुरोहितों, पंडों व पुजारियों के माध्यम से ही सही स्थान पर अनुष्ठान करवाएं. उन्होंने श्रद्धालुओं से दलालों, कमीशनबाज ज्योतिषियों, ऑटो चालकों और धर्मशाला व लाज संचालकों के बहकावे में न आने का भी आग्रह किया है. यह अपील जागरूकता फैलाने और श्रद्धालुओं को आर्थिक व धार्मिक हानि से बचाने के उद्देश्य से की गई है.

Next Post

पति ने हंसिए से किया पत्नी पर हमला, मासूम बेटी को भी किया घायल

Sat Oct 11 , 2025
सतना: इस तराई अंचल कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार की सुबह पती के द्वारा पत्नी व मासूम बेटी पर घातक हमले ने लोगो के रोंगटे खड़े कर दिए। बताया जा रहा कि घरेलू विवाद के चलते राकेश अहिरवार ने अपनी पत्नी और एक […]

You May Like