सतना: इस तराई अंचल कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार की सुबह पती के द्वारा पत्नी व मासूम बेटी पर घातक हमले ने लोगो के रोंगटे खड़े कर दिए। बताया जा रहा कि घरेलू विवाद के चलते राकेश अहिरवार ने अपनी पत्नी और एक साल की बेटी पर हंसिए से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। लहुलुहान मां-बेटी को मझगंवा समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया गया, उसके बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जहां डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जा रहा है। वहीं घटना की जानकारी लगने पर मझगंवा थाना पुलिस घटना स्थल और घायल मां-बेटी का हाल जानने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की और पांच घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जमकर खैर खबर ली। घटना कस्बे के नई बस्ती क्षेत्र में घटित हुई, जहां आरोपी परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। हमले में पत्नी के हाथ की उंगलियां कट गईं और सिर पर गहरी चोट आई, जबकि बच्ची के सिर में गंभीर घाव होने से रक्तस्राव हो गया है।
घरेलू विवाद में किया हमला
बताया जा रहा है कि आरोपी राकेश अहिरवार मजदूरी करता है। बीते कई दिनों से उसका अपनी पत्नी रामवती 30 वर्ष के साथ घरेलू विवाद हो रहा था। जिसपर शुक्रवार को बहस बढ़ गई और राकेश ने गुस्से मे पत्नी रामवती और एक साल की बेटी नंदनी पर हंसिए से हमला कर लहुलुहान कर दिया। चीख पुकार मचने के बाद वह घर से भाग गया। बताया जाता है कि घटना के समय बच्ची मां की गोद में ही थी। दोनों को पहले मझगवां अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। जहां बच्ची को आईसीयू में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही मझगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी हमले के वक्त शराब के नशे में था, जिसे पुलिस 5 घंटे के अंतराल में ही गिरफ्तार कर लिया।
इनका कहना
आरोपी पति का नशे की लत को लेकर आए दिन पत्नी से विवाद होता था। आज सुबह भी शराब के नशे में पत्नी से विवाद हुआ तो उसने हंसिया से हमला कर दिया। घटना के समय एक वर्ष की बेटी मां की गोद में ही थी। आरोपी की तलाश में पुलिस की 2 टीमें लगाई गई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
आदित्य नारायण धुर्वे, टीआई थाना मझगवां
