खरगे ने मोदी, शाह को लिखा पत्र, आपदा पीड़ित नेपाल को ज़रूरी सहायता देने का किया आग्रह

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर आपदा प्रभावितों को पर्याप्त मानवीय एवं राहत सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

श्री खरगे ने शुक्रवार को लिखे दोनों पत्रों को आज जारी करते हुए नेपाल में आई बाढ़ पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए नेपाल को मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही आपदा में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की विशेषज्ञता का लाभ देने की भी अपील की है।

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि वे नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ को लेकर गहराई से चिंतित हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। हाल की मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और अनेक लोग अभी भी लापता हैं। इस आपदा के कारण हजारों लोग भोजन, दवा, आश्रय और अन्य जरूरी सहायता की तत्काल जरूरत में हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि नेपाल सरकार के साथ मिलकर प्रभावित लोगों तक पर्याप्त मानवीय और राहत सहायता पहुंचाई जाए।

गृहमंत्री को लिखे पत्र में श्री खरगे ने कहा कि नेपाल में हाल की बाढ़ से हुए जीवन और संपत्ति के नुकसान तथा घरों व बुनियादी ढांचे के व्यापक विनाश तथा लोगों के विस्थापन से उन्हें गहरी वेदना है।

भारत और नेपाल के लोगों के बीच गहरे संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि नेपाल को तत्काल व्यापक मानवीय एवं आपदा राहत सहायता दी जाए। विशेष रूप से जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ की टीमें तैनात की जाएं तथा नेपाल सरकार के साथ समन्वय करके बचाव, निकासी और राहत कार्यों में सहायता की जाए। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की विशेषज्ञता इस संकट में मूल्यवान सहयोग प्रदान कर सकती है और गृह मंत्रालय इस मामले को तत्काल तथा संवेदनशीलता के साथ निपटाए।

 

 

 

Next Post

उज़्बेकिस्तान और किर्गिज़ की यात्रा से मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी मज़बूत होंगी-मोदी

Sat Aug 29 , 2026
नयी दिल्ली 29 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उज़्बेकिस्तान तथा किर्गिज़ गणराज्य की उनकी यात्रा से मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी मज़बूत होंगी और शांति, स्थिरता तथा समृद्धि के साझा प्रयासों को बल मिलेगा। श्री मोदी ने दोनों देशों की चार दिन की यात्रा […]

You May Like