
नीमच। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को ग्राम जीरन, फोफलिया एवं हरवार का निरीक्षण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं हितग्राहीमूलक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधे संवाद किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने जीरन स्थित शासकीय अनुसूचित जाति छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों के रहने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन की कक्षा 9वीं की छात्रा अलीशा पिता राकेश से पढ़ाई एवं छात्रावास में रहने की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षिका सरोज बाला गहलोत से छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की जानकारी भी ली।
इसके उपरांत कलेक्टर ने ग्राम फोफलिया में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना वर्ष 2025-26 से लाभान्वित हितग्राही शेर खां द्वारा निर्मित डकवेल रिचार्ज पिट का निरीक्षण किया। हितग्राही ने बताया कि डग वेल का निर्माण करने के बाद कुएं में पानी का जलस्तर बढ़ा है।इससे वर्षा जल का संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण होने से उन्हें बारिश के साथ-साथ गर्मी के मौसम में भी पानी की समस्या नहीं हुई।कलेक्टर ने इस पहल को जल संरक्षण की दृष्टि से उपयोगी बताते हुए हितग्राही से इसके लाभ की जानकारी ली।
डेयरी व्यवसाय से पशुपालक को प्रतिमाह करीब एक लाख रुपये की आय
हरवार में कलेक्टर श्री चंद्रा ने पशुपालक अमर सिंह नावले के डेयरी फार्म का निरीक्षण किया। पशुपालक ने बताया कि उन्होंने पशुपालन विभाग की योजना के माध्यम से 2.50 लाख रुपये का ऋण लेकर डेयरी व्यवसाय शुरू किया है। वर्तमान में उनके पास 18 मुर्रा नस्ल की भैंसें एवं एक गाय है। इनसे प्रतिदिन लगभग 80 से 90 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है, जिससे उन्हें प्रतिमाह करीब एक लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
पशुपालक ने बताया कि डेयरी व्यवसाय से उन्हें लगातार लाभ मिल रहा है और पशुपालन उनके लिए आय का स्थायी एवं लाभकारी साधन बन गया है। कलेक्टर ने डेयरी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पशुपालन से होने वाले लाभ एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग श्री मनोज लिथोरिया,उप संचालक पशुपालन विभाग ए.आर.धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
