
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने वित्तीय प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दो दिवसीय प्रशिक्षण सेमीनार का सफलतापूर्वक समापन किया। भोपाल स्थित मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में आयोजित इस सेमीनार में प्रदेशभर से उप पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों ने भाग लिया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कल्याण) सोलोमन यश कुमार मिंज ने कहा कि वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी शासकीय संस्था की कार्यकुशलता की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का उपयोग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में करते हुए वित्तीय प्रक्रियाओं को अधिक नियमसम्मत, पारदर्शी और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
सेमीनार के उद्घाटन सत्र में पुलिस मुख्यालय के उप पुलिस महानिरीक्षक (लेखा एवं कल्याण) अवधेश गोस्वामी ने अधिकारियों को बदलते वित्तीय नियमों की अद्यतन जानकारी रखने तथा वित्तीय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान पुलिस मुख्यालय, वित्त विभाग तथा कोष एवं लेखा निदेशालय के विशेषज्ञों ने खरीद नियमों, आईएफएमआईएस (आईएफएमआईएस), पेंशन नियम, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, बजट प्रबंधन, कल्याणकारी योजनाओं, अवकाश नियम, जीपीएफ प्रक्रियाओं, टीए/डीए दावों तथा वित्तीय शक्तियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी देकर अधिकारियों की वित्तीय प्रबंधन क्षमता को सुदृढ़ किया।
