सुजीत कलकल ने जीता 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक

तिराना (अल्बानिया), 26 फरवरी (वार्ता) सुजीत कलकल ने मुहामेत मालो 2026 कुश्ती टूर्नामेंट में पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय अभियान की शानदार शुरुआत की।

बुधवार को खेले गये मुकाबले में अंडर-23 विश्व चैंपियन सुजीत कलकल ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर लगातार चार जीत दर्ज करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस महीने की शुरुआत में 2026 अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियन सुजीत कलकल ने क्रोएशिया में जाग्रेब ओपन में जीत दर्ज करने के बाद 2026 अंडर-23 रैंकिंग सीरीज में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता।

उन्होंने सेमीफाइनल में अमेरिका के दो बार के पैन अमेरिकन चैंपियन जोसेफ मैककेना को 11-0 से हराने के बाद फाइनल में अजरबैजान के राशिद बाबाजादे को 10-0 से मात दी। तीन सप्ताह में अमेरिकी पहलवान पर सुजीत की यह दूसरी जीत थी। दोनों पहलवानों का सामना जाग्रेब ओपन के सेमीफाइनल में हुआ था। इससे पहले भी सुजीत ने इसी स्कोर से मुकाबला जीता था।

23 वर्षीय भारतीय पहलवान, जो अपने आयु वर्ग में एशियन चैंपियन भी हैं। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत अल्बानिया के एंड्रियो अवडिली पर 16-4 जीत हासिल करने के साथ की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में जॉर्जिया के निका ज़ाकाशविली को 10-0 से हराया।

यह सुजीत का अंडरवेट कैटेगरी में चौथा स्वर्ण पदक था। इससे पहले उन्होंने 2022 ज़ुहैर सघायर और 2025 पॉलीक इमरे और वर्गा जानोस मेमोरियल में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

इसी वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रहे भारत के मोहित कुमार क्वालीफाइंग राउंड से आगे नहीं बढ़ सके। अंकुश और आतिश तोडकर ने 57 किलोग्राम वर्ग में रेपेचेज के माध्यम से कांस्य पदक के मुकाबलों तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष किया, लेकिन आखिर में अपने-अपने मैचों में हार का सामना करना पड़ा

सुमित (57 किलोग्राम), राहुल (61 किलोग्राम), सिद्धार्थ (70 किलोग्राम), परविंदर (74 किलोग्राम) और आर्यन (86 किलोग्राम) अपने-अपने भार वर्गों में पदक राउंड तक पहुंचने में असफल रहे।

भारत ने मुहामेत मालो 2026 के लिए 48 सदस्यीय कुश्ती टीम भेजी है, जिसमें पुरुषों की फ्रीस्टाइल, महिलाओं की फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन वर्ग में 16-16 खिलाड़ी शामिल हैं।

Next Post

मियोमिर केकमानोविच ने ज्वेरेव को चौंकाया

Thu Feb 26 , 2026
अकापुल्को (मेक्सिको), 26 फरवरी (वार्ता) मियोमिर केकमानोविच ने दुनिया के नंबर 4 अलेक्जेंडर ज्वेरेव को तीन सेट के रोमांचक मुकाबले में चौंका दिया और अपनी पहली टॉप 5 जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही वह मेक्सिको के अकापुल्को में एबिएर्तो मेक्सिकनो टेलसेल के क्वार्टर-फ़ाइनल में पहुंच गए। दुनिया […]

You May Like