
जबलपुर। भोपाल की पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी बनाए गए पति समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन पेश किया है। समर्थ पर मृतका पत्नी ट्विशा को प्रताड़ित करने के आरोप हैं। मामले पर शुक्रवार को सुनवाई होगी। जमानत आवेदन में पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग भी की गई है। इससे पहले भोपाल की कोर्ट ने 18 मई को आरोपी पति समर्थ सिंह को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था।
समर्थ की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेन्द्र सिंह हाईकोर्ट में पैरवी करेंगे। उन्होंने एक चैनल को दिए इंटरव्यू बताया कि आरोप अनर्गल हैं और केस झूठा है। वॉट्सएप चैट में प्रताड़ना और दहेज की कहीं भी कोई भी बात नहीं है। चैट को एडिट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना को नाटकीय मोड़ दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि साढ़े चार माह की शादी में ट्विशा 5 बार मायके गई। मायके से वापस आने पर ही उसके व्यवहार में बदलाव आता था।
