
खंडवा। जिले के हरसूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दमदमा में हुई महिला की हत्या की गुत्थी को हरसूद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। मामले में सामने आया कि पति ने चरित्र शंका के चलते पत्नी की हत्या कर दी और बाद में आत्मग्लानि में रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 मार्च की शाम करीब 5 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम दमदमा में नाले के किनारे एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरसूद निरीक्षक राजकुमार राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में मृतिका की पहचान फूलवती पति रामप्रसाद (36 वर्ष) निवासी दमदमा के रूप में हुई।
घटनास्थल पर मौजूद पड़ोसी एवं चश्मदीद साक्षी सकरीबाई ने पुलिस को बताया कि मृतिका का पति रामप्रसाद पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी विवाद के चलते उसने किसी ठोस वस्तु से सिर पर वार कर पत्नी की हत्या कर दी तथा शव को नाले किनारे फेंक दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश प्रारंभ की। इसी दौरान रात्रि करीब 12 बजे छनेरा स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना दी गई कि बरूड-छनेरा रेलवे ट्रैक के बीच खंभा नंबर 614 के पास एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर सीएससी हरसूद के शवगृह में सुरक्षित रखवाया। 02 मार्च की सुबह मृतिका के परिजन अस्पताल पहुंचे। रेलवे ट्रैक से मिले टूटे मोबाइल की पहचान मृतक के पुत्र आकाश ने अपने पिता रामप्रसाद का मोबाइल होने के रूप में की। मृतक के हाथ पर धुंधले अक्षरों में लिखे नाम एवं परिजनों की पहचान के आधार पर शव की पुष्टि रामप्रसाद पिता रामकरण (40 वर्ष), जाति लौहार, निवासी दमदमा के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं प्रत्यक्षदर्शी के कथनों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रामप्रसाद के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। प्रारंभिक विवेचना में यह स्पष्ट हुआ कि पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने आत्मग्लानि के कारण रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम उपरांत दोनों पति-पत्नी के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
