पाकिस्तान में फौजी कार्रवाई में 30 आतंकवादी मारे गए

इस्लामाबाद, 10 अक्टूबर ( वार्ता ) पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा चलाये गये एक अभियान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के ओरकजई जिले में 30 आतंकवादी मारे गये हैं।

सेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह जवाबी कार्रवाई सेना पर कुछ दिनों पहले हुए एक हमले के बाद की गई है। इस घटना में कई सैनिक मारे गए थे।

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि सात अक्टूबर के आतंकवादी हमले में शामिल आतंकवादियों की मौजूदगी की विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिलने के बाद ओरकजई के जमाल माया इलाके में यह अभियान शुरू किया गया।

बयान में कहा गया कि भीषण गोलीबारी के बाद सभी 30 आतंकवादी मारे गए। साथ ही, यह भी कहा गया कि यह समूह इस सप्ताह की शुरुआत में हुई “जघन्य घटना” को अंजाम देने में शामिल था।

सैन्य सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को तलाशी अभियान के दौरान जिले में आतंकवादियों ने सैनिकों के एक समूह पर हमला किया, जिसमें एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर रैंक के अधिकारी सहित 11 सैनिक मारे गए थे।

आईएसपीआर ने कहा, “इन सफल अभियानों ने हमले का बदला ले लिया है और मुख्य अपराधियों को न्याय के कटघरे में ला खड़ा किया है।” आईएसपीआर ने कहा कि आसपास के इलाकों में बचे हुए आतंकवादियों को खत्म करने के लिए सफ़ाई अभियान जारी है।

पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ ज़रदारी ने आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान की निरंतर सफलता उसके संकल्प को दर्शाती है।

Next Post

वेनेजुएला में लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लड़ने वाली मारिया को मिलेगा साल 2025 का नोबेल पुरस्कार

Fri Oct 10 , 2025
स्टॉकहोम, 10 अक्टूबर (वार्ता) वेनेजुएला की मारिया कोरिना माचादो को वर्ष 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया जायेगा। नोबेल पुरस्कार समिति ने शुक्रवार को यह घोषणा की। समिति ने बताया ,’वेनेजुएला के लोगों के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों को बढ़ावा देने में उनके अथक कार्य और तानाशाही से लोकतंत्र में न्यायपूर्ण […]

You May Like