इंदौर: शहर में नाबालिग बच्चों के अपहरण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. बीते दो दिनों में विभिन्न थानों में आठ से अधिक अपहरण के मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें ज्यादातर पीड़ित किशोरियां हैं. पुलिस सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है.तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 32 वर्षीय जीवन्ता चौहान की बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया. इसी तरह राऊ थाना क्षेत्र के रंगवासा से करण अलुने की बेटी को भी कोई अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर ले गया.
राजेंद्र नगर थाना में आरती जोगी निवासी अहिरखेड़ी मल्टी ने शिकायत दर्ज कराई कि देर रात उसकी बेटी को कोई व्यक्ति केट चौराहा क्षेत्र से बहला-फुसलाकर ले गया. वहीं एमआईजी थाना क्षेत्र के मोतीलाल की चाल पाटनीपुरा निवासी रचना जगरवाल ने अपने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है. विजयनगर थाना क्षेत्र में इसी तरह के दो मामले सामने आए हैं एक में वर्षा नैय्यर निवासी प्रकाशचंद सेठी नगर का बेटे को कोई अज्ञात व्यक्ति ले गया.
लसूड़िया थाना क्षेत्र के रविदास नगर से राजेश पवार की बेटी को अज्ञात आरोपी ले गया. इसी तरह खजराना थाना क्षेत्र में शाहिद मंसूरी के बेटे को और सराफा थाना क्षेत्र में भागवंती सोलंकी की बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज हुई. ग्रामीण क्षेत्र हातोद से भी अपहरण का एक मामला सामने आया है, जहां सतलाना काकड़ निवासी पिटुं भील की बेटी को अज्ञात युवक भगा ले गया. सभी मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस का कहना है कि अपहृता बच्चों की तलाश के लिए टीमों को रवाना किया है और जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा.
