
ग्वालियर। मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना मप्र की संयुक्त व्यवस्था में जीवाजी विश्वविद्यालय रासेयो प्रकोष्ठ एवं माधव महाविद्यालय की संयुक्त व्यवस्था में विश्वविद्यालय स्तरीय रेड रन मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन आज किया गया । मिनी मैराथन में 187 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
युवाओं को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुलगरू प्रो.राजकुमार आचार्य ने कहा कि रेड रन मिनी मैराथन युवाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस , सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य की जा रही है।
9 किलोमीटर लम्बी रेड रन मिनी मैराथन को कुलगरू प्रो.राजकुमार आचार्य , सी ओ कर्नल देवेन्द्र वर्मा , प्राचार्य डॉ. शिवकुमार शर्मा व समन्वयक प्रो. हरिशंकर कंसाना ने हरी झण्डी दिखा कर रवाना किया । रेड रन विश्वविद्यालय के पूर्वी द्वार से प्रारम्भ हुई तथा उच्च न्यायालय, कलेक्ट्रेट पहाड़ी, गुलमोहर सिटी, गार्डन पैलेस से होते हुए सनवैली चौराहे से वापस इसी मार्ग से आ कर विवेकानन्द गार्डन जीवाजी विश्वविद्यालय पर सम्पन्न हुई । मैराथन मार्ग में दो स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए गए थे जहाँ से धावकों ने टोकन प्राप्त कर दौड़ सम्पन्न की ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि हॉकी फैडरेशन ऑफ इण्डिया के उपाध्यक्ष युवा नेता देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर थे। तोमर ने कहा कि विजेता होना ही सफलता की पहचान नहीं होती, किसी प्रतियोगिता में भाग लेना ही हमारी स्वस्थ सोच की परिचायक होती है । उन्होंने सफल प्रतिभागियों को महिला एवं पुरुष श्रेणी में अलग अलग क्रमशः प्रथम पुरस्कार सात हजार रुपए , द्वितीय पुरस्कार पाँच हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार तीन हजार रुपए के चैक भेंट किए ।
महिला वर्ग में एलएनआईपीई की हेमंती प्रथम, डॉली पाल द्वितीय एवं पूर्णिमा वर्मा तृतीय रहीं । पुरुष वर्ग में एलएनआईपीई के यश त्यागी प्रथम, एमएलबी कॉलेज के कपिल यादव द्वितीय एवं साइंस कॉलेज के आर्यन राजपूत तृतीय रहे ।
इस अवसर पर जिला संगठक रासेयो डॉ. मनोज अवस्थी, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय कुमार पाण्डेय, डॉ. अर्चना सेन, डॉ. निशा जैन, डॉ. नरेन्द्र भास्कर, क्रीड़ा अधिकारी मुलायम सिंह जादौन, डॉ. अंशु रानी, आकाश अष्ठाना, पुनीत बंसल, युवराज सिंह, आकाश सूर्यवंशी, सेजल गोयल, प्रियांशु परिहार, वैभव चौहान, निखिल पाण्डेय, आशुतोष पालीवाल, कोश शर्मा आदि उपस्थित रहे । निर्णायक मंडल में वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय कुमार पाण्डेय एवं क्रीड़ा अधिकारी मुलायम सिंह जादौन ने भूमिका निभाई । कार्यक्रम का संचालन जिलासंगठक रासेयो डॉ. मनोज अवस्थी ने एवं आभार प्रदर्शन समन्वयक प्रो.हरिशंकर कंसाना ने किया ।
