गुना: नेशनल हाइवे पर ग्राम रमड़ी के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में ट्रैक्टर पर सवार एक 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रॉली में बैठे 9 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांचौड़ा ब्लॉक के ग्राम चौपन कला से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर भैंसाना ग्राम में आयोजित महायज्ञ में शामिल होने जा रहे थे। बुधवार रात लगभग साढ़े 9 बजे जैसे ही उनका वाहन नेशनल हाइवे पर ग्राम रमड़ी के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पर सवार श्रद्धालुओं का कहना है कि उनका वाहन अपनी सही साइड पर चल रहा था, लेकिन ट्रक चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर बैठे लोग सीधे सड़क पर आ गिरे, वहीं ट्रॉली में सवार लोग अंदर ही गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
इस हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे चौपन कला निवासी 30 वर्षीय युवक इंदर अहिरवार की जमीन पर गिरने और गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद हाइवे पर चीख-पुकार मच गई। घायलों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में उन्होंने समय गंवाए बिना खुद ही तत्परता दिखाई और एक निजी पिकअप वाहन का इंतजाम कर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से एक की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत इंदौर रेफर किया गया है।
अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के नाम सर्वे राव, गुलाब सिंह अहिरवार, पुरुषोत्तम मीना, कान्हा मीना, ममता अहिरवार, आरती मीना, गोविंद मीना, सावित्री बाई और संगीता बाई बताए गए हैं, जिनका उपचार जारी है। उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
