
टीकमगढ़। बूदौर गांव में ग्रामीणों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। बुधवार को नरसिंह मंदिर में बुलाई गई एक पंचायत में शराब और गांजे के सेवन तथा बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया। नशे के कारण परिवारों की बर्बादी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
पंचायत में निर्णय लिया गया कि शराब पीने और बनाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने इस संबंध में एक पंचनामा बनाकर पुलिस को सौंपा है। इसके अतिरिक्त, शराब पीने या बनाने वाले की जानकारी देने वाले को 1100 रुपये का इनाम दिया जाएगा।
गांव के मोतीलाल अहिरवार ने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार, शराब या गांजा पीने वाले पर 5 हजार रुपये और बनाने वाले पर 11 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। ऐसे व्यक्तियों का समाज से बहिष्कार भी किया जाएगा।
