चालक पर लापरवाही का मामला दर्ज
इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में देर रात पेट्रोल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सड़क पर फैलते पेट्रोल के कारण बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहा. पुलिस ने टैंकर चालक संजू के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है.टीआई देवेंद्र मरकाम ने बताया कि रात घटना की जानकारी करीब 1 बजे नायता मुंडला के पास भारत पेट्रोलियम का टैंकर नंबर एमपी 09 एएल 7063 पलटने की सूचना वायरलेस पर मिली.
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि टैंकर के ड्राइवर संजू पिता मानसिंह बंजारा निवासी खारिया, देवास मौजूद थे. उसने बताया कि वह मांगलिया डिपो से पेट्रोल लेकर हरदा जा रहा था. बायपास पर गड्ढों के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टैंकर पलट गया. टैंकर पलटने से पेट्रोल सड़क और आसपास के गड्ढों में फैल गया. पुलिस ने इलाके को तुरंत सील किया और मैकेनिक बुलाकर टैंकर का लीकेज चेक कराया.
हादसे के कारण सड़क पर जाम जैसी स्थिति न बने, इसके लिए रात में ही क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा किया. टैंकर चालक संजू वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह मांगलिया से हरदा पेट्रोल लेकर जा रहा था, पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया. प्राथमिक जांच में सामने आया कि देर रात हुई बारिश और सड़क पर फैली गिट्टी के कारण टायर फिसल गए और वाहन पलट गया. एहतियातन फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया था.
