इंदौर: ऑनलाइन टास्क इन्वेस्टमेंट ठगी प्रकरण में इंदौर क्राइम ब्रांच ने एक और शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है. हरियाणा निवासी आरोपी गैंग का तीसरा सदस्य है, जिसने फरियादी से लगभग 60 लाख रुपए की ठगी की वारदात में भूमिका निभाई थी. इससे पहले गैंग के दो सदस्यों को हरियाणा और महाराष्ट्र से पकड़ा जा चुका है.
एडीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि फरियादी मोहम्मद हिदायतुल्ला ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि टेलीग्राम टास्क के जरिए उसे पहले छोटे मुनाफे का झांसा दिया और बाद में अधिक राशि निवेश करवाकर ठगी की गई. जांच में सामने आया कि गैंग देशभर में सैकड़ों लोगों को इसी तरीके से निशाना बना चुका है. क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में अब तक गैंग से जुड़े 40 से अधिक बैंक खातों को फ्रीज किया है, जिनमें लाखों रुपए की राशि पाई गई. गिरफ्तार आरोपी गुरदीप बुरा निवासी हरियाणा पहले से ही डिजिटल अरेस्ट मामले में बंद था. प्रोडक्शन वारंट पर उसे इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है.
