
छतरपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में छतरपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “मुस्कान अभियान” के तहत महिला थाना एवं महिला सुरक्षा शाखा ने मुख्यालय अंतर्गत शासकीय छात्रावासों में जाकर छात्राओं से संवाद किया और उन्हें विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों पर जागरूक किया। इस अभियान के माध्यम से जिले में विगत एक सप्ताह में 7000 से अधिक लोगों को जागरूक किया जा चुका है।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा श्रीवास्तव और महिला सुरक्षा शाखा से उपनिरीक्षक तबस्सुम खान ने शासकीय जूनियर एवं शासकीय सीनियर छात्रावासों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य फोकस बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने हेतु जनजागरूकता फैलाना था। महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), और महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस टीम ने बाल विवाह, बाल अपराध और बाल उत्पीड़न के दुष्प्रभावों को उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए, समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की समझाइश दी। छात्राओं से व्यक्तिगत संवाद स्थापित कर, उन्हें शिक्षा की ओर अग्रसर होने और अपने भविष्य के प्रति जागरूक और प्रेरित रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
