नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में दो सफाई कर्मचारियों की मौत के मामले में नगर निगम आयुक्त और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। आयोग ने मामले पर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने सोमवार को 22 सितंबर को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में जल निकासी पाइपलाइन में काम करते समय दम घुटने से दो सफाई कर्मियों की मौत के मामले में मीडिया रिपोर्ट के आधार पर स्वत: संज्ञान लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार तिरुचिरापल्ली के तिरुवेरुम्बुर के मुथुनगर क्षेत्र में कार्मेल गार्डन के पास नवनिर्मित भूमिगत जल निकासी पाइपलाइन पर काम करते समय 22 सितंबर को दो सफाई कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक तिरुचि निगम के काम के लिए एक निर्माण कंपनी द्वारा उनको नियुक्त किया गया था।
आयोग ने मामले को गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन का मामला बताते हुए नगर निगम आयुक्त और पुलिस अधीक्षक, तिरुचिरापल्ली को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें जांच की स्थिति और मृतक कर्मचारियों के परिजनों को दिए गए मुआवजे का विवरण शामिल होना चाहिए। आयोग के मुताबिक, यह स्पष्ट नहीं है कि पीड़ित कर्मचारियों को काम के दौरान उचित सुरक्षा उपकरण प्रदान किए गए थे या नहीं। आयोग ने कहा कि रिपोर्ट की सामग्री सत्य पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

