इंदौर:चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच कर रही मेघालय पुलिस की विशेष जांच टीम गुरुवार को नौ दिनों की पड़ताल के बाद इंदौर से शिलांग के लिए रवाना हो गई. टीम ने इंदौर प्रवास के दौरान घटनाक्रम से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. अब शिलांग में सभी आरोपियों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसआईटी टीम बुधवार को इंदौर के पलासिया क्षेत्र के एक नाले से एक देशी पिस्तौल, दो मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद कर चुकी है. पुलिस को शंका है कि यह वही हथियार हो सकता है जिससे राजा की हत्या की पहले साजिश गई थी. यह पिस्टल मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी द्वारा घटना के बाद इंदौर आकर ठिकाने लगाई गई थी.
पुलिस को संदेह है कि सोनम ने इंदौर के जिस फ्लैट में शरण ली थी, वहां से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य और एक और हथियार भी गायब है. एसआईटी ने जांच के दौरान मध्यप्रदेश के विभिन्न हिस्सों से तीन नए आरोपियों सिलोम जेम्स प्रॉपर्टी ब्रोकर, बलवीर अहिरवार सिक्योरिटी गार्ड और लोकेन्द्र सिंह तोमर फ्लैट मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया है. इन तीनों पर हत्या के बाद साजिश में शामिल होने, साक्ष्य नष्ट करने और आरोपियों को पनाह देने का आरोप है.
अब इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर शिलांग ले जाकर मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा और पहले से गिरफ्तार तीन अन्य साथियों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी. सूत्रों का कहना है कि यह पूछताछ बेहद निर्णायक हो सकती है, क्योंकि अब जांच एजेंसी के पास साजिश की कड़ियों को जोड़ने वाले तकनीकी और भौतिक साक्ष्य दोनों मौजूद हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह हत्याकांड की कहानी जल्द ही अपने अंतिम निष्कर्ष तक पहुंच सकती है.
अब शिलांग में गहराई से खुलेगा हत्याकांड का राज
राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय पुलिस की एसआईटी ने इंदौर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों लोकेन्द्र सिंह तोमर, सिलोम जेम्स और बल्ला आहिरवार को ट्रांजिट रिमांड पर पूछताछ शुरू कर दी है. टीम का मानना है कि इन तीनों की भूमिका साजिश, साक्ष्य नष्ट करने और वारदात के बाद की गतिविधियों में अहम रही है. दूसरी ओर, मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा को भी कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां आगे की न्यायिक प्रक्रिया तय होगी. एसआईटी अब इन बयानों के आधार पर हत्या की पूरी साजिश की परतें खोलने में जुटी है. पुलिस को उम्मीद है कि अब इस सनसनीखेज हत्याकांड के हर पहलू पर रोशनी पड़ेगी और केस निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ेगा
