
भोपाल।मध्य प्रदेश कांग्रेस ने जहांगीराबाद स्थित मॉडर्न स्लॉटर हाउस के संचालन से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने इसे जनआस्था और शासन की जवाबदेही से जुड़ा मुद्दा बताया है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव अमित शर्मा ने कहा कि यह मामला केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं और सनातन परंपराओं से भी जुड़ा है। उन्होंने पिछले कुछ महीनों में स्लॉटर हाउस के संचालन को लेकर सामने आई शिकायतों का हवाला दिया।
शर्मा ने असलम चमड़ा की गिरफ्तारी और बाद में मिली जमानत का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि क्या इतना बड़ा अवैध कारोबार केवल एक व्यक्ति के भरोसे चल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की महापौर मालती राय सहित संबंधित अधिकारियों ने जानकारी से इनकार किया, जबकि दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर मौजूद हैं।
प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार, अक्टूबर 2025 में परियोजना को छह माह का विस्तार दिया गया था, लेकिन बाद में बिना पेनल्टी 20 वर्षों का संचालन एवं संधारण अनुबंध दे दिया गया, जो प्रक्रिया में गंभीर उल्लंघन दर्शाता है।
कांग्रेस ने करोड़ों रुपये की पेनल्टी माफ करने को मिलीभगत और पद के दुरुपयोग का मामला बताया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
