
आलोट। मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान अंतर्गत बुधवार को ग्राम पंचायत रिचा में शिविर आयोजित हुआ। शिविर में लाभ लेने के लिए क्षेत्र के ग्रामीण द्वारा पंचायत भवन पर पहुंचकर अन्य अधिकारियों का पहुंचने का इंतजार भी किया गया।
शिविर में सिर्फ दो कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारी नदारत रहे। इससे यहां पहुंचने वाले हितग्राही निराश होकर लौटने को मजबूर हुए। नामांतरण के लिए पहुंचे रामू भाई ने बताया कि मुझे 7 से 8 माह हो गए रजिस्ट्री संपादित कराए हुए। लेकिन भूमि का नामांतरण नहीं हो पा रहा हैं। जानकारी मिलने पर कैंप में आवेदन लेकर पहुंचा था। लेकिन राजस्व विभाग का कोई अधिकारी उपस्थित नहीं होने से निराश होकर लौटना पड़ा। वहीं कन्हैयालाल रामचंद्र मिस्त्री भी आवेदक पहुंचे थे।
इसी प्रकार किसान फार्मर, आईडी, नक्शा सुधार हेतु शिविर में पहुंचे नागरिक परेशान होते रहे।
योजनाओं का लाभ,समस्याओं का समाधान के लिए शिविर
मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से हितग्राहियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाना हैं। साथ ही आमजन की समस्याओं का समाधान भी किया जाना हैं। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है और शिविरों का आयोजन किया जा रहा हैं। लेकिन अधिकारियों के शिविर में नहीं पहुंचने से हितग्राहियों के काम नहीं होना शिविर की सार्थकता पर सवाल खड़े कर रहा हैं।
