श्री जगन्नाथ मंदिर का खजाना कड़ी सुरक्षा के बीच स्थायी रत्न भंडारों में स्थानांतरित

पुरी, 23 सितंबर (वार्ता) ओडिशा में पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर का खजाना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वापस स्थायी रत्न भंडारों में स्थानांतरित कर दिया गया।

मंदिर की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार खजाना का स्थानांतरण सुबह 10:55 बजे शुरू हुआ और दोपहर 2:55 बजे समाप्त हुआ। रत्न भंडारों को स्थानांतरण के बाद बंद करते हुए सील कर दिया गया। यह प्रक्रिया अत्यधिक सावधानी से की गई, जिसमें पूरे मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया था ताकि कीमती खजाने को वापस उसकी जगह पर सुरक्षित रूप से पहुंचाया जा सके। यह कदम समिति के सभी ग्यारह सदस्यों की उपस्थिति में ओडिशा सरकार द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का सख्ती से पालन करते हुए उठाया गया।

पिछले वर्ष वार्षिक रथ यात्रा के दौरान रत्न भंडारों को खोला गया था और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा मरम्मत और संरक्षण कार्य को सुगम बनाने के लिए खजाने को अस्थायी रूप से स्ट्रांग रूमों में स्थानांतरित कर दिया गया था।

मंदिर के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निर्धारित किए जाने के बाद खजाने की एक नई सूची तैयार की जाएगी। सूत्रों के अनुसार इससे पहले सूची तैयार करने में सहायता के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से दो वरिष्ठ अधिकारियों को भेजने के लिए संपर्क किया गया था।

 

 

Next Post

मोदी अपने राजस्थान दौरे में मानगढ़ धाम को करे राष्ट्रीय स्मारक घोषित-गहलोत

Tue Sep 23 , 2025
जयपुर 23 सितंबर (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मांग करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 25 सितंबर को अपने राजस्थान दौरे में आदिवासियों के त्याग एवं बलिदान स्थल मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करना चाहिए। श्री गहलोत ने मंगलवार को यहां प्रेस वार्ता […]

You May Like