
इंदौर। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शहर में एलिवेटेड कॉरिडोर पर मेट्रो ट्रेन संचालन का टाइम टेबल आज से संशोधित कर दिया है। गांधी नगर से टीसीएस चौराहा तक 6 किलोमीटर के इस कॉरिडोर पर अब मेट्रो ट्रेन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी और प्रत्येक घंटे में एक ट्रेन उपलब्ध होगी। रविवार के दिन यात्रियों की थोड़ी भीड़ को देखते हुए ट्रेन हर आधे घंटे में चलाई जाएगी।
किराए में भी बदलाव किया गया है। अब 1 से 2 स्टेशन के बीच यात्रा के लिए 20 रुपए और 3 से 5 स्टेशन के बीच 30 रुपए देना होगा। मेट्रो शुरू होने के बाद अब तक लगभग ढाई लाख यात्री सफर कर चुके हैं। इनमें सबसे अधिक जून महीने में 2 लाख से अधिक लोग मेट्रो का अनुभव लेने आए। जुलाई में 21 हजार, अगस्त में 12 हजार और 20 सितंबर तक लगभग 4 हजार यात्रियों ने सफर किया।
मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने बताया कि 31 मई से 6 किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर संचालन शुरू हुआ था, जिसमें शुरू में किराए में काफी छूट दी गई थी, जो अब समाप्त कर दी गई है। पिछले दिनों गांधी नगर से एमआर-10 तक ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक लिया गया। आगे मालवीय नगर स्टेशन तक टेस्टिंग की तैयारी की जा रही है।
मेट्रो संचालन के दौरान गांधी नगर डिपो में बने प्रशासनिक भवन से सभी प्रक्रियाएं नियंत्रित की जा रही हैं। इसी परिसर में कंट्रोल रूम, ट्रेनिंग बिल्डिंग, टेस्ट ट्रैक्शन और सब स्टेशन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। मेट्रो ट्रेन का 16वां सेट भी हाल ही में बड़ौदा से इंदौर डिपो पहुंच चुका है।
मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का कहना है कि तय समय में सभी अनुमतियों के बाद पूरे कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा प्रदान की जाएगी। वर्ष के अंत तक गांधी नगर से रेडिसन तक मेट्रो संचालन शुरू करना कठिन प्रतीत हो रहा है, जबकि साल के शुरुआती महीनों में पूरे संचालन की संभावना है।
