
जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के गेट नम्बर 2 के पास मोबाइल में क्रिकेट मैच देखते हुये मढि़या जा रहे मेडिकल लैब अटेंडेंट को स्कूटी सवार लुटेरों ने निशाना बनाते हुए झपट्टा मारकर उसका मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह जगभान सिंह ठाकुर 40 वर्ष निवासी एमआईजी कालोनी धनवंतरी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मेडिकल कालेज में लैब अटेंडेंट की नौकरी करता है। रविवार रात लगभग 11-20 बजे वह धनवंतरी नगर से पैदल अपने फोन पर क्रिकेट मैच देखते हुये मढि़या तरफ जा रहा था जैसे ही मेडिकल कॉलेज के गेट नम्बर 2 के पास पहॅुचा तभी पीछे से धनवंतरी नगर तरफ से आ रही सफेद रंग की बिना नम्बर की स्कूटी में सवार 2 लड़के उसके पास से निकले और पीछे बैठे वाले लड़के ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर मढि़या तरफ भाग गये। उसका रेडमी कम्पनी का मोबाइल कीमती लगभग 11 हजार रूपये का था।
