भिण्ड: पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता डॉ. गोविन्द सिंह ने विधानसभा क्षेत्र लहार में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। डॉ. सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को एक पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।डॉ. गोविन्द सिंह द्वारा शिकायत की गई हैं कि गणना पत्रक वितरण में लापरवाही हो रही है।
लहार विधानसभा के अधिकांश मतदान केंद्रों पर आज तक बी.एल.ओ. द्वारा मतदाताओं को आवश्यक गणना पत्रक वितरित नहीं किए गए हैं। जिसकी शिकायतें कांग्रेस के बी.एल.ए. और मतदाताओं द्वारा प्राप्त हुई है कई मतदान केंद्रों पर मूल गणना पत्रक के बजाय, केवल एक प्रति की छायाप्रति ही वितरित की गई है, जो अपर्याप्त है।
मतदाताओं को पात्र बनने हेतु आवश्यक वर्ष 2003 की मतदाता सूची बी.एल.ओ. द्वारा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
डॉ. सिंह ने आशंका व्यक्त की है कि गणना पत्रकों का समय पर वितरण न होने और अनियमितताओं के चलते यह महत्वपूर्ण कार्य समयावधि में पूरा नहीं हो पाएगा, जिससे बड़ी संख्या में पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गलत गणना पत्रक तैयार किए जाने की सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं।
डॉ. गोविन्द सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से अनुरोध किया है कि वे तुरंत संज्ञान लें और इस प्रक्रिया से संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दें।
